बांसवाड़ा जिले के खजूरी गांव में सोमवार शाम को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब पांच बच्चे डॉक्टर-डॉक्टर खेलते हुए चार बच्चियों को कपास में छिड़ने वाली कीटनाशक दवा पिला दी। इस खेल में 10 साल का एक बच्चा डॉक्टर बनकर 2 से 5 साल की चार भतीजियों को दवा पिला रहा था। कीटनाशक पीने के बाद बच्चियों की तबीयत बिगड़ गई और वे उल्टियां करने लगीं।
परिजन तत्काल उन्हें दानपुर सीएचसी लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्चियों ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। इसके बाद उन्हें बांसवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया। मंगलवार सुबह उनकी हालत खतरे से बाहर थी, हालांकि इलाज जारी था।
डीएसपी गोपीचंद मीणा ने कहा कि यह घटना बच्चों के खेल-खेल में हुई प्रतीत होती है और अब बच्चियों की स्थिति में सुधार हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।