झुंझुनूं में रविवार को राज्य सरकार के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सूचना केंद्र सभागार में जिला स्तरीय अंत्योदय सेवा शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 75 विशेष योग्यजनों को स्कूटी, ट्राईसाइकिल, व्हील चेयर और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि नवलगढ़ विधायक विक्रम जाखड़ रहे, जबकि पिंजरापोल गोशाला जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिव्यांगजनों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को वर्चुअल माध्यम से व्यक्त किया। इस मौके पर कलेक्टर रामावतार मीणा ने अध्यक्षता की। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक डॉ. पवन पूनिया ने बताया कि शिविर में 8 दिव्यांगजनों को मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत स्कूटी प्रदान की गई, जबकि 32 को ट्राईसाइकिल, 15 को व्हील चेयर और अन्य उपकरण वितरित किए गए। इस अवसर पर भाजपा नेता विश्वंभर पूनिया और कई अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।