अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर सुशासन दिवस और सेवा कार्य…

वाजपेयी के कार्यों को सराहा, भाजपा ने सेवा कार्यों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती बुधवार को जिला परिषद सभागार में मनाई गई। कलेक्टर रामावतार मीणा सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रदेश में सुशासन को उच्चतम मापदंडों पर स्थापित करने की शपथ दिलाई। उन्होंने शासन को अधिक परदर्शी, सहभागी और जनकल्याण केंद्रित बनाने का भी संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाशचंद्र शर्मा ने वाजपेयी के उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की और उनकी दूरदर्शी नीतियों को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष बनवारी लाल सैनी की अगुवाई में वाजपेयी के जन्मदिवस को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया। नगर मंडल अध्यक्ष कमलकांत शर्मा के नेतृत्व में वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए और उनके जीवन पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान भाजपा के कई प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

abtakSikar