अशोक गहलोत ने अजमेर दरगाह विवाद पर बीजेपी और पीएम मोदी पर उठाए सवाल…

पूर्व CM गहलोत ने धार्मिक स्थलों पर सवाल उठाने को बताया गलत, BJP और RSS पर निशाना

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अजमेर दरगाह परिसर में शिव मंदिर होने के दावे को लेकर उत्पन्न विवाद पर बीजेपी, RSS और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाए हैं। गहलोत ने इस मामले में कहा कि 15 अगस्त 1947 तक जो भी धार्मिक स्थल अस्तित्व में थे, उन्हें उसी स्थिति में रहने दिया जाना चाहिए, जैसा कि कानून में स्पष्ट रूप से लिखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और RSS धार्मिक स्थलों को लेकर विवाद पैदा कर रहे हैं और इससे समाज में भ्रम फैल रहा है।

गहलोत ने कहा, “अजमेर दरगाह 800 साल पुरानी है और दुनियाभर से लोग यहां आते हैं। मुस्लिम और हिंदू दोनों समुदाय के लोग यहां चादर चढ़ाने आते हैं। प्रधानमंत्री चाहे कोई भी हो, पंडित नेहरू से लेकर मोदी तक, सभी ने दरगाह में चादर चढ़ाई है। यह एक परंपरा है।” गहलोत ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग एक ओर चादर चढ़ाते हैं और दूसरी ओर कोर्ट में मामले दायर कर रहे हैं, जिससे समाज में भ्रम उत्पन्न हो रहा है।

गहलोत ने आगे कहा, “जहां अशांति है, वहां विकास नहीं हो सकता। ऐसे माहौल में विकास रुक जाता है। यह बात प्रधानमंत्री मोदी और RSS को समझनी चाहिए।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि 15 अगस्त 1947 तक के धार्मिक स्थलों पर सवाल उठाना गलत है और इसे कानून के खिलाफ बताया।

पूर्व CM ने आरोप लगाया कि बीजेपी और RSS धर्म के नाम पर राजनीति कर रहे हैं और चुनावों में ध्रुवीकरण को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “धर्म के आधार पर राजनीति की जा रही है, चाहे वह महाराष्ट्र हो, हरियाणा हो, या संसद चुनाव हो।” गहलोत ने यह भी कहा कि देश में परिस्थितियां गंभीर हो गई हैं, और यह स्थिति शासन में बैठे लोगों को आत्ममंथन करने की जरूरत है।

abtakNewsSikar