सूचना प्रौद्योगिकी व संचार विभाग के आई स्टार्ट नेस्ट इन्क्यूबेशन सेंटर में रविवार को आइडियाथॉन कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर पद्मभूषण देवेंद्र झाझड़िया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और कहा कि जब प्रतिभाओं को विचारों को साझा करने का मंच मिलता है, तो वे निखरकर सामने आती हैं। जिले का इन्क्यूबेशन सेंटर युवा पीढ़ी के विचारों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां हाइटेक सुविधाएं और मेंटरशिप की व्यवस्था मौजूद है।
कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने विचारों को नए आयाम दें और सेंटर के माध्यम से उन्हें वास्तविक रूप दें। इस आइडियाथॉन में प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव जूरी मेंबर्स के सामने प्रस्तुत किए। जूरी सदस्य के रूप में डीओआईटी एसीपी नरेश टुहानिया, आत्मा परियोजना निदेशक दीपक कपिला, वाटरशेड एसई महेंद्र सूरा, चूरू नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह, सेंटर प्रभारी गुरप्रीत सिंह लबाना और मेंटर मनु विजय शामिल थे।
इस प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को पुरस्कार राशि प्रदान की गई। किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने के विषय पर संदीप कुमार ने पहला, सूरज शर्मा ने दूसरा और मुकेश प्रजापत तथा नरेंद्र सिहाग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दीर्घकालिक कचरा प्रबंधन पर शिशिर सिंघल ने पहला, मोहसिन भाटी ने दूसरा और मधु स्वामी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जल पुनर्भरण और पुनर्चक्रण के विषय में हेमंत सैनी ने पहला, प्रदीप सिंह आदित्य ने दूसरा और जतिन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को क्रमशः 10,000, 7,000 और 3,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।