आरएएस प्री-एग्जाम आज, नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम…

सीकर और नीमकाथाना के 79 सेंटरों पर परीक्षा, ड्रेस कोड और सुरक्षा सख्त

राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) प्री-एग्जाम रविवार को सीकर और नीमकाथाना के 79 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें सीकर के 59 और नीमकाथाना के 20 सेंटर शामिल हैं। दोपहर 12 से 3 बजे तक 25,128 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। नकल रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में ई-मित्र और फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। हर सेंटर पर दो वीडियोग्राफर तैनात रहेंगे, जो परीक्षा के पूरे दौरान निगरानी करेंगे। इसके अलावा, डमी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए प्रवेश द्वार पर फोटो मिलान की व्यवस्था की गई है।

परीक्षा केंद्रों पर सरकारी स्टाफ की तैनाती के साथ आरपीएससी का ड्रेस कोड भी लागू रहेगा। अभ्यर्थी सर्दी के मद्देनजर स्वेटर और जूते पहन सकते हैं, लेकिन मेटल की चेन और जिप वाले कपड़ों की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के दौरान इंटरनेट सेवा चालू रहेगी। परीक्षा 733 पदों के लिए आयोजित की जा रही है, जिनमें 346 पद राज्य सेवा और 387 पद अधीनस्थ सेवा के हैं। परीक्षा में नकल पर रोक के लिए कड़े कानून लागू किए गए हैं। नकल में संलिप्त पाए जाने पर 10 साल से आजीवन कारावास तक की सजा और 10 लाख से 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।

abtakhindi news