उल्लास नवभारत कार्यक्रम : सीकर में एक दिवसीय प्रशिक्षण में अधिकारियों और लर्नर्स ने लिया हिस्सा
सीकर
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन मेट्रिक्स विद्यालय में किया गया। आरपी रवि जोशी ने बताया कि इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व एडीपीसी राकेश कुमार लाटा, एडीईओ सज्जन सिंह, जिला साक्षरता अधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश महर्षि, पिपराली ब्लॉक सीबीईओ दुर्गा, एसीबीईओ जयदेव सिंह, अरुण महला, संजय शर्मा, मेट्रिक्स स्कूल निदेशक कपिल ढाका, प्रबंधन टीम से शुभकरण एवं सुल्तान सिंह सहित ब्लॉक के सभी पीईईओ एवं लर्नर्स की उपस्थिति रही।
प्रशिक्षण में सत्र 2025-26 के लिए साक्षरता अभियान के प्रभावी संचालन, लक्ष्य निर्धारण एवं कार्ययोजना के संबंध में दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। वक्ताओं ने कहा कि साक्षरता किसी भी राष्ट्र के विकास की बुनियाद है। उल्लास नवभारत कार्यक्रम वयस्क शिक्षा को बढ़ावा देकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। यह न केवल ज्ञान-वृद्धि का माध्यम है, बल्कि कौशल विकास और सामाजिक सशक्तिकरण का भी आधार है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
समारोह में पिपराली ब्लॉक एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा सेवानिवृत्त एडीपीसी राकेश कुमार लाटा का अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने शिक्षा क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान की प्रशंसा की। कार्यक्रम में आईपीएस मुकेश भामू ने भी संबोधित करते हुए साक्षरता के महत्व और समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। दक्ष प्रशिक्षक प्रधानाचार्य हरिपुरी एवं राजकुमार ने प्रशिक्षण सत्र को संचालित करते हुए नवीन तकनीकी संसाधनों और कार्यक्रम के क्रियान्वयन संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन आर पी रवि जोशी द्वारा किया गया। मेट्रिक्स विद्यालय परिवार के सहयोग से प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।