एसएस मोदी विद्या विहार स्कूल में शनिवार को अभिभावक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी शरद चौधरी थे, जिन्होंने विद्यार्थियों को अपने हुनर को पहचानने और उचित कार्य क्षेत्र का चुनाव करने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने सपनों का पीछा करें और जीवन में सफलता प्राप्त करें।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता सीबीएसई के वरिष्ठ रिसोर्स पर्सन और मास्टर ट्रेनर राजन शर्मा थे, जिन्होंने अभिभावकों के प्रश्नों का समाधान करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के पास ज्ञान का भंडार होता है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को प्रश्न पूछने के लिए प्रोत्साहित करने और उनके सवालों का सम्मानपूर्वक उत्तर देने की सलाह दी।
राजन शर्मा ने अभिभावकों को यह भी बताया कि वे बच्चों को समय प्रबंधन, आपसी सहयोग, सफलता और असफलता को समान रूप से स्वीकार करने, वित्तीय प्रबंधन, सामाजिक मूल्य, देश प्रेम, संस्कृति और सभ्यता के बारे में जानकारियां दें।
कार्यशाला के दौरान विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी पॉल और प्राचार्य विजय मसीह ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, ऋषि बरासिया और गीलूराम मोदी ने भी शुभकामनाएं दी।