एसबी मित्तल हॉस्पिटल का रजत जयंती महोत्सव
विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
सीकर।
सीकर के अग्रणी और सबसे पुराने निजी अस्पतालों में शुमार एसबी मित्तल हॉस्पिटल ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया। इस अवसर पर एक माह तक विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. जयेश मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि एसके स्कूल के सामने स्थित इस अस्पताल की नींव उनके पिताजी डॉ. जीएस मित्तल ने 25 वर्ष पूर्व जनसेवा और चिकित्सा के उद्देश्य से रखी थी। आज भी उन्हीं के आदर्शों और नैतिक मूल्यों पर चलते हुए अस्पताल आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। रजत जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में हॉस्पिटल स्टाफ के लिए विविध खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम और लूडो शामिल रहे। प्रतिभागियों ने टीम भावना के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही, हॉस्पिटल स्टाफ की उपलब्धियों के लिए भी विशेष रूप से उन्हें सम्मानित किया गया। डॉ. जयेश मित्तल ने बताया कि शेखावाटी क्षेत्र में एसबी मित्तल हॉस्पिटल कई क्षेत्रों में अग्रणी रहा है। वर्ष 2004 में निजी क्षेत्र में पहला ब्लड बैंक, वर्ष 2009 में डायलिसिस सेंटर की स्थापना, साथ ही आधुनिक आईसीयू, अल्ट्रा मॉडर्न कैथ लैब और मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर जैसी उन्नत सुविधाएं अस्पताल में उपलब्ध हैं। यह रजत जयंती महोत्सव न केवल अस्पताल की उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उसकी लगातार समर्पित यात्रा का प्रतीक भी रहा।