एसीबी टीम ने उदयपुरवाटी नगर पालिका में भ्रष्टाचार की जांच की…

सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर जांच शुरू

उदयपुरवाटी नगर पालिका में बुधवार को एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच की। यह जांच नगर पालिका इलाके में डाली गई सड़क, स्ट्रीट लाइट, ग्रेवल सड़क और गौरव पथ सहित विभिन्न कार्यों से संबंधित थी।

एसीबी झुंझुनूं के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इस्माइल खान के नेतृत्व में आई टीम ने नगर पालिका में हुई निर्माण गतिविधियों का रिकॉर्ड खंगाला। विशेष रूप से वार्ड संख्या 8, 9, और 10 में डाली गई सड़कों की जांच की गई। एसीबी टीम ने नगर पालिका के पूर्व ईओ (एग्जीक्यूटिव ऑफिसर) सहित कुछ अधिकारियों को नोटिस जारी किया है।

एएसपी इस्माइल खान ने बताया कि भ्रष्टाचार की शिकायत लंबे समय से पेंडिंग थी, और अब उसकी जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि शिकायत का विवरण गोपनीय रखा गया है। नगर पालिका ईओ तौफिक अहमद ने कहा कि ताजा कोई मामला नहीं है और टीम को सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई गई है।

एसीबी टीम में उप निरीक्षक शिवपाल गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक रोहिताश, इसाक खान और कुमार सानू शामिल थे।

abtakhindi news