कड़ाके की सर्दी से आक के पौधों को नुकसान…

चूरू में तापमान में गिरावट और सर्द हवाओं का असर

क्षेत्र में पिछले कई दिनों से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। कड़ाके की सर्दी के कारण कस्बे की गोशाला के पास स्थित ताल मैदान में बड़ी संख्या में खड़े आक के पौधे झुलसकर नष्ट हो गए। गोशाला में रहने वाले रूपाराम गोदारा और सीताराम सिंहमार ने बताया कि तेज सर्दी के कारण बड़ी संख्या में आक के पौधे नष्ट हो गए।

चूरू | जिले में शनिवार को बादलवाली व सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रही। सुबह 10 बजे तक कोहरे का असर रहा। सुबह 11 बजे के बाद हल्की धूप खिली रही। चक्रवात के प्रभाव से दिन भर सर्द हवा चली। पिछले दो-तीन दिनों से तापमान में गिरावट आ रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री और न्यूनतम 7.6 डिग्री रहा, जबकि इससे पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 16.1 और न्यूनतम 8.6 डिग्री रहा था। शुक्रवार को जिला कोल्ड-डे की गिरफ्त में था। इससे पहले भी तेज सर्दी के कारण जिले में कई स्थानों पर आक के पौधे झुलस गए।

जिले में अभी तक पाले की स्थिति नहीं है। इसलिए फसलों को नुकसान की आशंका कम है। आगामी दो-तीन दिनों में बारिश की भी संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग जयपुर के अनुसार रविवार को दिन में 5 किमी की रफ्तार में सर्द हवा चलने की संभावना है। सुबह कोहरा और दिन में सर्द हवा के साथ बादलवाली का जोर रहेगा। 21-22 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते बारिश हो सकती है। दो दिन तक न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आ सकती है।

abtakhindi news