बांसवाड़ा जिले में एक व्यक्ति ने कर्ज से छुटकारा पाने और बीमा की रकम हड़पने के लिए अपनी मौत का नाटक रचने की चौंकाने वाली साजिश रची। इस साजिश में उसने अपने दो साथियों को शामिल किया और रामदेवरा (जैसलमेर) से एक भिखारी को नौकरी का झांसा देकर बुलाया। उसे शराब पिलाकर बेहोश किया और ट्रेलर के नीचे कुचलकर उसकी हत्या कर दी। शव के पास अपने दस्तावेज रखकर उसने इसे अपनी मौत का रूप देने की कोशिश की।
हत्या का खुलासा और गिरफ्तारी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नरेंद्र सिंह रावत पर भारी कर्ज था। उसने अपने दिव्यांग मित्र भैरूलाल और ट्रेलर ड्राइवर इब्राहिम खान को साजिश में शामिल किया। भिखारी तूफान सिंह, जिसे रामदेवरा से लाया गया था, को बांसवाड़ा के पास हत्या कर दी गई। शव की पहचान मुश्किल बनाने के लिए सिर को कुचला गया।
शुरुआती जांच में शव को आरोपी का मानकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था। लेकिन जब पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश किया, तो भैरूलाल और इब्राहिम को गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्य आरोपी नरेंद्र सिंह फिलहाल फरार है। पुलिस ने बताया कि इस साजिश के तहत आरोपियों को ठगी का हिस्सा देने का वादा किया गया था। मामले की गहराई से जांच जारी है।