कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने पीएम सूर्यघर योजना के तहत रूफ टॉप सोलर प्लांट का किया निरीक्षण…

लाभार्थियों को मिल रहा है घरेलू बिजली बिल में राहत

जिला मुख्यालय पर शनिवार को कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने पीएम सूर्यघर योजना के तहत विभिन्न लाभार्थियों द्वारा घर की छतों पर लगाए गए रूफ टॉप सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने लाभार्थियों से सोलर प्लांट की स्थापना में लगी प्रक्रिया, समय, परेशानियां और मिलने वाले लाभ के बारे में चर्चा की। लाभार्थियों ने बताया कि योजना का पूरा लाभ उन्हें मिल रहा है और अब घरेलू बिजली का बिल शून्य हो गया है।

इस दौरान डिस्कॉम एक्सईएन अनिल पूनिया, जेईएन लोकेश मीणा और रूफ टॉप सोलर वेंडर भी कलेक्टर के साथ थे। लाभार्थियों ने जानकारी दी कि वेंडर का चयन करने के बाद 15 दिन में सोलर पैनल इंस्टॉल कर दिए गए और सात दिन में ही सब्सिडी राशि उनके खाते में आ गई। नए बास के देवकिशन सैनी ने बताया कि पहले उनका औसत बिजली बिल लगभग 8000 रुपए था, लेकिन पांच किलोवॉट का प्लांट लगाने के बाद यह बिल शून्य हो गया। वहीं शेखावत कॉलोनी के रवि सैनी ने बताया कि प्लांट लगवाने के बाद उनका पहला बिल सिर्फ 45 रुपए का आया।

कलेक्टर सुराणा ने मौके पर ही वेंडर्स और डिस्कॉम अधिकारियों से कहा कि वे शहर के वार्ड वार जनप्रतिनिधियों के साथ दो-दो घंटे के शिविर आयोजित करें। डिस्कॉम एक्सईएन पूनिया ने बताया कि अब तक जिले में 6447 विद्युत उपभोक्ताओं का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें से 1127 आवेदकों ने वेंडर्स का चयन कर लिया है और 313 स्थानों पर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक मूलचंद मीणा ने बताया कि वेंडर्स के माध्यम से आवेदन करने पर तत्काल लोन स्वीकृत किया जाता है।

abtakNewsSikar