कवि प्रोफेसर संतु अर्थशास्त्री कृत काव्यसंग्रह का विमोचन 28 को
सीकर
जिले के थोई कस्बे के निवासी कवि प्रोफेसर संतु अर्थशास्त्री कृत काव्य संग्रह वंदे सनातनम का विमोचन 28 मार्च को सुबह 11 बजे सांगानेर एयरपोर्ट के पास स्थित सुबोध महिला शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज सभागार में आयोजित समारोह में किया जाएगा। कार्यक्रम की संयोजिका प्राचार्य प्रो. यदु शर्मा व सह संयोजिका तुलसी मानस संस्थान की सुशीला गुप्त ने बताया कि सुबोध महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय एवं तुलसी मानस संस्थान, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोज्य काव्य विमोचन समारोह के मुख्य अतिथि सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के अतिरिक्त निदेशक व साहित्य कला समीक्षक डॉ. राजेश व्यास होंगे। तुलसी मानस संस्थान के संस्थापक प्रो रामलक्ष्मण गुप्त सभापति होंगे। विमोचन समारोह के मुख्य वक्ता साहित्यकार-समीक्षक डॉ इन्दुशेखर तत्पुरूष होंगे। अति विशिष्ट अतिथि कवि समालोचक लक्ष्मीनारायण सिंह चौहान चातक होंगे। विशिष्ट अतिथि कवयित्री व लेखक रजनी भारद्वाज होगी। कार्यक्रम की संयोजिका प्राचार्य प्रो. यदु शर्मा व सह संयोजिका तुलसी मानस संस्थान की सुशीला गुप्त ने बताया कि दोपहर 1.30 बजे सहभोज रहेगा। उल्लेखनीय है कि सीकर के रामगढ़ शेखावाटी के कॉलेज से प्रोफेसर का सफर शुरू करने वाले प्रो. संतुलाल शर्मा कॉलेज शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक पद से सेवानिवृत हुए। कोटा गर्वनमेंट महिला कॉलेज के प्राचार्य रहे। उपप्राचार्य भी रहे। इससे पूर्व प्रो. शर्मा टाँक के गर्वनमेंट कॉलेज में बतौर अर्थशास्त्र के प्रोफेसर के रूप में लंबे समय तक कार्य किया। राजस्थान विश्वविधालय, जयपुर से एमए इकोनोमिक्स व एम.फिल तक की शिक्षा ली है। एमफिल में गोल्ड मेडलिस्ट रहे प्रो संतुलाल शर्मा की कवि व गीतकार के रूप में खासी पहचान है। समय-समय पर प्रो शर्मा को आकाशवाणी व दूरदर्शन, जयपुर पर भी कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया जाता है। ऐसे में वे आकाशवाणी दूरदर्शन पर अपनी काव्य संग्रहों कविता, गीतों व रचनाओं की प्रस्तुति देते हैं।