कामधेनु गौ चिकित्सालय में रूपा फाउंडेशन द्वारा गायों के उपचार हेतु दवाइयों की मदद
सीकर
गौ सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते हुए रूपा फाउंडेशन, कोलकाता ने सालासर रोड, नानी स्थित कामधेनु गौ चिकित्सालय को बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गायों के उपचार के लिए आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों का सहयोग प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सीए सुनील मोर ने कहा कि गौ सेवा भारतीय समाज की परंपरा और संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य निराश्रित व घायल गायों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उनके जीवन की रक्षा करना है, ताकि गौ चिकित्सालय की चिकित्सा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
फाउंडेशन से जुड़े सुरेश अग्रवाल ने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति और संस्था को इस प्रकार की सेवाभावी गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि बीमार गायों की देखभाल करना केवल दायित्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदना का प्रतीक भी है।
इस दौरान एडवोकेट नरेश बगड़िया भी उपस्थित रहे और उन्होंने गौ सेवा के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में करुणा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
गौ चिकित्सालय के प्रबंधक राम निवास सैनी ने सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस सहायता से उपचार कार्यों को गति मिलेगी और अधिक संख्या में घायल व बीमार गायों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। उन्होंने रूपा फाउंडेशन के ट्रस्टियों पद्मश्री पी.आर. अग्रवाला, घनश्याम प्रसाद अग्रवाला तथा कुञ्ज बिहारी अग्रवाला के प्रति विशेष आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार का सहयोग गौ सेवा के कार्यों को नई दिशा देता है और समाज में सकारात्मक प्रेरणा का संचार करता है।