बुधवार को सावर जीएसएस के सामने किसानों ने बिजली संकट के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि सावर जीएसएस से जुड़े पांच गांवों – राणासर, जैतासर, दल्लूसर, साडासर और दल्लूसर में किसानों को सिर्फ 3 से 4 घंटे ही बिजली मिल रही है और वह भी कम वोल्टेज पर, जिससे उनकी समस्याएं और बढ़ गई हैं।
किसान नेता सावरमल मेघवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने आदेश जारी किया था कि किसानों को कम से कम 6 घंटे बिजली मिलनी चाहिए, लेकिन हकीकत में वे सिर्फ 3 से 4 घंटे ही बिजली पा रहे हैं। इसके अलावा, वोल्टेज भी बेहद कम है, जिससे फसलों की सिंचाई और अन्य कामों में कठिनाई हो रही है। किसानों ने बार-बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला, जिससे अब वे आंदोलन करने के लिए मजबूर हो गए हैं।
किसानों का कहना है कि उन्हें 350 वोल्टेज की जरूरत है, जबकि वे केवल 250 वोल्टेज प्राप्त कर रहे हैं, जो उनकी जरूरतों के लिए अपर्याप्त है। यदि इस समस्या का समाधान नहीं होता, तो वे आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। प्रदर्शन में पोखरराम सिहाग, जयनारायण, संदीप कुमार, विनोद, भाषाराम, मांगीलाल, अशोक कुमार और अन्य किसान मौजूद थे।