जयपुर के महेश नगर थाना पुलिस ने कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। यह विवाद मंगलवार रात महावीर नगर में हुआ, जब मंत्री और महेश नगर सीआई कविता शर्मा के बीच विवाद हो गया। इस दौरान मंत्री का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह महिला इंस्पेक्टर से सवाल कर रहे थे और पुलिस की गाड़ी में बैठी एक लड़की को जबरन उतारने की कोशिश कर रहे थे।
मंत्री ने आरोप लगाया कि सीआई कविता शर्मा ने एसआई भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग करने वाले छात्र नेताओं के घर जाकर उनके परिवार को परेशान किया। बुधवार को मंत्री मीणा ने गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम से मुलाकात की और सीआई पर फर्जी तरीके से नौकरी हासिल करने का आरोप लगाया।
सीआई ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करने गई थी, लेकिन मंत्री ने मौके पर आकर उन्हें डराया और मामले को बढ़ाया। मंत्री के साथ आए लोगों ने एक लड़की को पुलिस गाड़ी से नीचे उतार लिया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया।
मंत्री मीणा ने दावा किया है कि उनके पास सीआई कविता शर्मा की गलत तरीके से नौकरी हासिल करने के पुख्ता सबूत हैं, जिन्हें वह गुरुवार को सार्वजनिक करेंगे।