कोलीड़ा में पंद्रह वर्ष बाद फिर निभाई फुटबॉल परंपरा…

फुटबॉल मैच में केएफसी को हराकर केकेवीएस ने बाजी मारी

गणतंत्र दिवस पर कोलीड़ा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में केकेवीएस व केएफसी की टीमों के बीच रोमांचक फुटबॉल मैच खेला गया। कोलीड़ा में जब से फुटबॉल खेल की शुरुआत हुई है तब से हर वर्ष गणतंत्र दिवस व स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम के बाद फुटबॉल मैच करवाए जाने की परंपरा रही है। लेकिन बीते पंद्रह वर्षों से इस परंपरानुसार मैच नहीं हो सके।

इस बार इस परंपरा को फिर से जीवंत करने के लिए केकेवीएस व केएफसी की टीमों के बीच मुकाबला करवाया गया। अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय लिया। मैच के पहले हाफ के 15 वें मिनट में केकेवीएस के अजीत ने गोल कर बढ़त बनाई। 25 वें मिनट में केकेवीएस के ही सुनील ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। लेकिन 30 वें मिनट में केएफसी के फरहान गौरी ने आउट ऑफ डी फ्री किक को गोल में तब्दील कर स्कोर 2-1 कर दिया। दूसरे हाफ के 10 वें मिनट में केकेवीएस के पंकज शर्मा ने शानदार गोल कर अपनी बढ़त को 3-1 कर दिया लेकिन 17 वें मिनट में केएफसी के पंकज सारवान ने गोल कर स्कोर फिर से 3-2 कर दिया।

मैच समाप्ति से पहले मिले कॉर्नर किक पर केकेवीएस के सुनील ने गोल कर निर्णायक बढ़त दिलाई। अंततः केकेवीएस ने यह मैच 4-2 के स्कोर से जीतकर खिताब हासिल कर लिया। मैच समाप्ति के बाद विजेता व उप विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। राष्ट्रीय खिलाड़ी राजेंद्र मीणा की ओर से विजेता टीम को 1100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। अतिथियों ने मैन ऑफ दी मैच रहे अजित को प्रतीक चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर सरपंच शिवपाल सिंह मील, पूर्व सरपंच शिवपाल सिंह मील, प्रशिक्षक मांगीलाल रेप्सवाल, भामाशाह रामावतार मील, शारीरिक शिक्षक सुमेर सिंह ख्यालिया, सुलतान सिंह डमोलिया, ओमप्रकाश कानसुजिया सहित खिलाड़ी व बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

abtakhindi news