सीकर के खाटूश्यामजी इलाके में मिठाई फैक्ट्री शिफ्टिंग के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सीकर निवासी शशिभूषण ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि उनकी सांगरवा में रसगुल्ला और मावे की मिठाइयों की फैक्ट्री थी। इसी दौरान चौमूं निवासी मोहन शर्मा उनके संपर्क में आया और कहा कि वह इस काम में माहिर है और खाटूश्यामजी में फैक्ट्री शिफ्ट कराने से व्यापार बढ़ेगा।
मोहन की बातों में आकर शशिभूषण ने हनुमानपुरा स्थित एक फार्म हाउस में जगह किराए पर ली और पूरी फैक्ट्री वहां शिफ्ट कर दी। मोहन ने यह कहकर समय लिया कि मलमास खत्म होने के बाद काम शुरू होगा। लेकिन जब 31 जनवरी को शशिभूषण फैक्ट्री की नई जगह पहुंचे तो वहां से सारा सामान गायब मिला। जब उन्होंने मोहन से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसने पहले फोन नहीं उठाया और बाद में साफ शब्दों में कहा कि वह सारा सामान ले जा चुका है, और जो बचा है वह भी ले जाएगा।
अब मोहन का फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ASI श्रवण कुमार इसकी जांच कर रहे हैं।