खाटूश्यामजी मेले में 30 किलो देशी घी किया सीज, जांच के लिए 26 सेंपल लिए…

गुलाब चूरमा, काजू स्ट्रॉबेरी मिठाई मौके पर ही करवाई नष्ट

बाबा श्याम के मेले में खाटूश्यामजी आने वाले श्रद्धालुओं को ताजी व शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो, इसके लिए चिकित्सा विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है।

शुद्ध आहार मिलावट पर वार के अभियान के तहत जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया के निर्देशन में रविवार की एफएसओ की दो टीमो ने खाद्य पदार्थों के प्रतिष्ठानो का निरीक्षण किया।

इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूल सिंह, गोवर्धन ख्यालिया, वीरेंद्र चौधरी, सुरेश शर्मा एवं दूसरे दल के एफएसओ नंदराम मीणा, महमूद अली, रमेश यादव की टीम अलग अलग दुकानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की। टीमों ने खाटूश्यामजी के निधि मिष्ठान भंडार, लक्ष्मीनाथ स्वीट्स, कविता मिष्ठान भंडार, नंद भोजनालय, एमबी 56 भोग, बृजवासी मिष्ठान भंडार, श्रीजी चिड़ावा मिष्ठान भंडार आदि से मावा पेड़ा, केसर पेड़ा, गोंद के लड्डू, बेसन के लड्डू, गेहूं का आटा, रिफाइंड सोयाबीन तेल, बेसन, छेना टोस्ट, बेसन चक्की, चॉकलेट, चेरी रोल, पनीर, डेयरी भोग देशी घी, मधु प्लस देसी घी, किशमिश, चूरमा सादा, पंचमेवा प्रसाद, गुलाब चूरमा एवं बूंदी के लड्डू सहित कुल 26 सैम्पल लिए। साथ ही बृजवासी मिष्ठान भंडार पर मिलावट की आशंका पर 30 लीटर देसी घी सीज किया। वही गुलाब चूरमा, काजू स्ट्रॉबेरी की मिठाई खाने योग्य नहीं पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट करवाई गई।

एमबी 56 भोग की निर्माण इकाई में गंदगी पाए जाने, अनहाइजीनिक कंडीशन में मिठाई का निर्माण किया जाने पर एफएसएसएआई एक्ट की धारा 32 के तहत सुधार करने का नोटिस दिया गया। सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को शुद्ध खाद्य पदार्थ, मिलावट रहित, साफ सफाई के साथ खाद्य पदार्थ बेचने एवं नियमों की पालना करने के लिए पाबंद किया गया। सभी सैम्पलों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भिजवाए जाएंगे और अमानक एवं असुरक्षित पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

abtakhindi news