खेतड़ी में रामकृष्ण मिशन द्वारा विरासत दिवस समारोह मनाया गया…

स्वामी विवेकानंद की प्रेरणा से भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील

खेतड़ी में गुरुवार शाम को रामकृष्ण मिशन द्वारा विरासत दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पन्ना शाह तालाब को भव्य रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री पूनम धर्मपाल गुर्जर, विशिष्ट अतिथि स्वामी आत्मनिष्ठानंद महाराज और शिक्षाविद् अशोक सिंह शेखावत मौजूद थे, जबकि अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष गीता सैनी ने की।

मुख्य अतिथि पूनम धर्मपाल गुर्जर ने कार्यक्रम में कहा कि खेतड़ी का सौभाग्य है कि यहां दो महान विभूतियों ने अपनी दोस्ती से दुनिया में अलग पहचान बनाई। स्वामी विवेकानंद का अनुशासित संन्यासी जीवन और उनके राष्ट्र को समर्पित कार्यों से भारतीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति मिली। उन्होंने युवाओं से इन महान विभूतियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया, ताकि वे जीवन में अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।

स्वामी आत्मनिष्ठानंद महाराज ने कहा कि इस वर्ष स्वामी विवेकानंद के खेतड़ी आने के 125 वर्ष पूरे हो रहे हैं, और इसी उपलक्ष्य में 14वां खेतड़ी विरासत दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद और खेतड़ी के नरेश अजीत सिंह के सहयोग से ही स्वामी विवेकानंद 1893 में शिकागो धर्म सम्मेलन में पहुंचे थे, जहां उन्होंने सनातन धर्म का प्रचार किया और भारत को विश्व में सम्मान दिलवाया। इस अवसर पर पन्ना शाह तालाब पर पांच हजार दीपकों से माहौल और भी भव्य हो गया।

समारोह में पार्षद लीलाधर सैनी, सुधीर गुप्ता, राजेंद्र यादव और अन्य क्षेत्रीय लोग भी उपस्थित थे, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।

abtakNewsSikar