खेतड़ी में हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आया 18 वर्षीय युवक, गंभीर हालत में झुंझुनूं रेफर….

नालपुर गांव में पेड़ की डाल काटते समय हुआ हादसा, ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की

खेतड़ी के नालपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। बांसियाल निवासी 18 वर्षीय पूर्णमल पुत्र हरिसिंह को मवेशी चराने के दौरान पेड़ की डाल काटते समय 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन का करंट लग गया। इस हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए झुंझुनूं रेफर कर दिया।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों के अनुसार, पूर्णमल एक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से है और मवेशी पालन के जरिए ही अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घायल युवक को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि वह अपना इलाज और परिवार का खर्च संभाल सके।

प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल

हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में हाई वोल्टेज बिजली लाइनों की स्थिति पर सवाल उठाए हैं और भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए बिजली विभाग से सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।

abtakhindi news