गाड़ी हटाने के विवाद में युवक की हत्या, आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर धरना…

बालोतरा की नेहरू कॉलोनी में दिनदहाड़े वारदात, आरोपी फरार

बालोतरा की नेहरू कॉलोनी में मंगलवार दोपहर गाड़ी हटाने के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। झगड़े के दौरान हर्षदान चारण नामक युवक ने 30 वर्षीय विशनाराम पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

घायल विशनाराम को तत्काल नाहटा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना दिया।


हिस्ट्रीशीटर आरोपी की तलाश जारी, लोगों में रोष

जानकारी के अनुसार, हर्षदान चारण बालोतरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मृतक विशनाराम का टेंट-लाइटिंग का व्यवसाय था और घटना के वक्त वह डेकोरेशन का सामान लेने गया था। गाड़ी हटाने की बात पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें हर्षदान को चाकू से हमला करते देखा जा सकता है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। मौके पर डीएसपी सुशील मान और पूर्व विधायक मदन प्रजापत ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश की।

abtakNewsSikar