गुमाना का बास व लक्ष्मणा का बास को नवीन ग्राम पंचायत का मिला दर्जा
पूर्व विधायक जलधारी व भाजपा जिलाध्यक्ष बाटड़ का ग्रामवासियों ने किया स्वागत
सीकर
जिले के गुमाना का बास व लक्ष्मणा का बास को नवीन ग्राम पंचायत का दर्जा मिला है। ग्रामीणों ने नई पंचायत का दर्जा दिलवाने के लिए पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी का समारोहपूर्वक स्वागत व अभिनंदन मंगलवार को किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ सहित ग्रामवासी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व विधायक रतन लाल जलधारी ने ग्रामवासियों द्वारा किये गये सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नवगठित ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ ने कहा कि नवीन ग्राम पंचायतों का गठन प्रशासनिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। उन्होंने जनभागीदारी को विकास की मूल शक्ति बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से गाँव विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह कारंगा, मंडल अध्यक्ष गुलाब धींवा, श्रवण मूंड, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र खीचड़, पंचायत समिति सदस्य धर्मेंद्र डोरवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. राकेश नेहरा, मुकेश नेहरा, मंगलाराम गढ़वाल, मनोज गढ़वाल, कुलदीप ख्यालिया, एस.पी. सिंह ख्यालिया सहित गुमाना का बास व लक्ष्मणा का बास के ग्रामवासी आदि मौजूद रहे।