झुंझुनूं जिले के गांगियासर तिराहे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रेलर से 180 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त किया। पकड़े गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत आठ लाख रुपए आंकी गई है। कंटेनर के चालक हरिसिंह (46) को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि एजीटीएफ चिड़ावा से मादक पदार्थ से भरे कंटेनर की सूचना मिलने पर नाकाबंदी की गई। तलाशी के दौरान कंटेनर में नौ कट्टों में 180 किलो डोडा चूरा मिला। आरोपी हरिसिंह, निवासी श्योपुरा, के पास कोई वैध लाइसेंस और परमिट नहीं था। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच मंडावा थाना पुलिस करेगी।