चूरू के कोतवाली थाना क्षेत्र के बूटिया गांव के पास शुक्रवार दोपहर दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। हादसे में घायल तीनों व्यक्तियों को गांव के लोगों ने निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया। अस्पताल में एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
गांव के लोगों के अनुसार, हेतराम (62) और प्रताप जोगी (50) बाइक पर चूरू से बूंटिया गांव जा रहे थे। वहीं, अंकित (16) गांव से अपने पिता को लेने के लिए चूरू आ रहा था। जैसे ही दोनों बाइकें गांव से बाहर निकलीं, एक दूसरे से भिड़ गईं। इस हादसे में अंकित, हेतराम और प्रताप तीनों घायल हो गए। पुलिस और अस्पताल चौकी से कॉन्स्टेबल दयाराम शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों से जानकारी ली। घायल प्रताप की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि हेतराम और अंकित का इलाज चल रहा है।