चूरू के गवर्नमेंट लोहिया कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत एक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 300 छात्रों को सड़क सुरक्षा अग्रदूत के रूप में प्रशिक्षित किया गया। एसपी जय यादव ने अग्रदूतों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई और सड़क हादसों से मुक्त राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। राजस्थान सड़क सुरक्षा सोसाइटी के अनुदेशक भरत राज गुर्जर ने अब तक 10 लाख लोगों को जागरूक करने और 90 हजार से अधिक अग्रदूतों को हेलमेट वितरित करने की जानकारी दी।
कॉलेज प्रिंसिपल मंजू शर्मा ने कार्यशाला के दौरान ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर चिंता जताई। उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों द्वारा मोबाइल पर बात करने और बिना हेलमेट ड्राइविंग करने की आदत को खतरनाक बताते हुए, ट्रैफिक पुलिस से सख्त कार्रवाई की सिफारिश की। कार्यशाला में लेन ड्राइविंग, गति सीमा, और रोड सिग्नल जैसी सावधानियों पर विशेष जानकारी दी गई।