जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर रात 1:20 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की आपातकालीन लैंडिंग हुई। विमान ने दुबई से जयपुर के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन बीच यात्रा में बम की धमकी मिलने के बाद विमान की लैंडिंग करवाई गई। विमान में 189 यात्री सवार थे।
धमकी के बाद फुल इमरजेंसी लैंडिंग
विमान IX-196 दुबई से जयपुर आ रहा था, जब पायलट को सोशल मीडिया के माध्यम से विमान में बम होने की सूचना मिली। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर पायलट ने फुल इमरजेंसी लैंडिंग करवाई। जयपुर एयरपोर्ट पर रात 1:20 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई।
सघन जांच के बाद मिली राहत
सीआईएसएफ और एंटी बम स्क्वाड की टीम ने विमान की घेराबंदी की और सभी यात्रियों की सुरक्षा जांच की। इसके बाद विमान की पूरी तरह से जांच की गई, जो सुबह 5 बजे तक चली। किसी भी संदिग्ध वस्तु के न मिलने पर यात्रियों को सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब जयपुर एयरपोर्ट को बम की धमकी मिली हो। इससे पहले 15 अक्टूबर को भी दम्मम से लखनऊ जा रही फ्लाइट में बम की सूचना मिलने के बाद इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। वहीं, 4 अक्टूबर को भी देशभर के 100 एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, लेकिन सभी धमकियां झूठी साबित हुई थीं।