जयपुर को भिखारी मुक्त बनाने के लिए नगर निगम हेरिटेज द्वारा शुरू किया गया अभियान…

भीख मांगने वालों को पुनर्वास केंद्र में भेजकर दी जा रही आत्मनिर्भर बनने की ट्रेनिंग

जयपुर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के साथ-साथ भिखारी मुक्त करने के लिए नगर निगम हेरिटेज ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। 24 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान में भिक्षावृत्ति करने वाले लोगों को रेस्क्यू कर पुनर्वास केंद्र में भेजा जा रहा है, जहां उन्हें रहने, भोजन की व्यवस्था के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने के लिए ट्रेनिंग भी दी जा रही है। अब तक नगर निगम द्वारा 60 से अधिक भिखारियों का रेस्क्यू किया जा चुका है।

यह अभियान जयपुर में होने जा रहे ‘राइजिंग राजस्थान समिट’ से पहले शुरू किया गया है, जिसमें दुनियाभर से निवेशक हिस्सा लेने के लिए शहर आ रहे हैं। इस समिट के मद्देनजर प्रशासन ने शहर को स्वच्छ और भिखारी मुक्त बनाने का निर्णय लिया है।

नगर निगम कमिश्नर अरुण कुमार हसीजा ने बताया कि ठंड के मौसम में सड़कों पर भिक्षावृत्ति करने वालों को आश्रय प्रदान करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू किए गए भिखारियों को सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से भोजन और रहने की व्यवस्था दी जा रही है, और उनका मेडिकल चेकअप भी किया जा रहा है। इन लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनकी रुचियों के अनुसार ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि भविष्य में उन्हें भीख न मांगनी पड़े।

हसीजा ने कहा कि इस अभियान में नगर निगम के साथ-साथ आम जनता का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि सभी मिलकर इस अभियान में योगदान करें, तो जयपुर को भविष्य में भिखारी मुक्त शहर बनाया जा सकता है।

abtakNewsSikar