जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने श्री कल्याण अस्पताल का औचक निरीक्षण किया
निरीक्षण के दौरान ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण काउंटर, जांच प्रयोगशाला एवं वार्डों का किया अवलोकन
रोगियों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं, साफ-सफाई व्यवस्था तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली
सीकर
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने सोमवार को श्री कल्याण (एस.के.) अस्पताल, सीकर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिला कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं, ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण काउंटर, जांच प्रयोगशाला, आईसीयू , ओपीडी, आॅक्सीजन प्लांट, क्वालीटी एंश्योरेंस एवं कायाकल्प सेल, केन्द्रीय प्रयोग शाला, अन्नपूर्णा रसोई, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित सांझी रसोई एवं विभिन्न वार्डों तथा 100 बेड वाले अस्पताल भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं, साफ-सफाई व्यवस्था तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिला कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ को निर्देशित किया कि वे मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करें। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने उपस्थित मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपचार व्यवस्था के संबंध में फीडबैक भी लिया तथा प्राप्त सुझावों के आधार रोगी संतुष्ट नजर आए।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक उपकरण सुचारू रूप से कार्यशील रहें तथा आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही, अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि एसके अस्पताल में बनने वाला 100 बेड का नवनिर्मित अस्पताल भवन जल्द ही शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने अस्पताल परिसर में खडी 108 एम्बुलेंस को कण्डम घोषित करने, सांझी रसेाई, अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण कर रसोई में बनने वाले भोजन की स्वच्छता, गुणवत्ता और वितरण प्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को सांझी रसोई, अन्न्पूर्णा रसोई की अस्पताल में आने वाले मरीजों के परिजनों को जानकारी प्राप्त हो सके, इसके लिए साईनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
इस दौरान श्री कल्याण अस्पताल की अधीक्षक डॉ. प्रियंका अमन, डॉ. महेन्द्र खींचड़, डॉ. ललीत मौर्य, डॉ. मिथलेश सागर, प्रशासनिक अधिकारी मगन सिंह शेखावत, अधीशाषी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी सुधीर कुमार, आरएसआरडीसी महिपाल देवन्दा सहित संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सा स्टाफ उपस्थित रहे।