जिला कलेक्टर ने पंचायत समिति पिपराली में उपखंड स्तरीय जन सुनवाई में सुनी आमजन की समस्याएं
सीकर
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने पंचायत समिति पिपराली में उपखंड स्तरीय जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं प्रस्तुत की। जनसुनवाई के दौरान कुल 17 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से पाँच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर मोदी ने ई-मित्र पर यूपीआई से भुगतान कर निर्धारित मानकों से अधिक राशि न वसूलने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित न रखा जाए।
जिला कलेक्टर ने पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही, मनरेगा एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की भी जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा मौके पर ही कई प्रकरणों का निस्तारण किया गया। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष प्रकरणों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर आमजन को राहत प्रदान की जाए। इस दौरान सीकर एसडीएम निखिल कुमार, सहायक निदेशक प्रशासनिक सुधार विभाग इंदिरा शर्मा सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।