जिला वैकल्पिक विवाद निस्तारण केंद्र में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दो दिवसीय लीगल सर्विस यूनिट फॉर चिल्ड्रन प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में प्राधिकरण सचिव डॉ. शरद कुमार व्यास ने बच्चों को समुचित विधिक जानकारी देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बच्चों को उनके अधिकारों की प्रारंभिक स्तर से जानकारी होना बेहद महत्वपूर्ण है।
इस दौरान डॉ. व्यास ने लीगल सर्विस यूनिट फॉर चिल्ड्रन स्कीम 2024, जेजे एक्ट, पॉक्सो एक्ट और पीड़ित प्रतिकर स्कीम के बारे में जानकारी दी। बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक सत्येंद्रपाल ने चाइल्ड केयर हेल्पलाइन 1098, जिला बाल संरक्षण इकाई और अन्य योजनाओं के बारे में बताया। बाल कल्याण समिति सदस्य शर्मिला पूनिया ने समिति के कार्यों पर प्रकाश डाला, जबकि डिप्टी एलएडीसीएस विवेक प्रिय सोनी ने मॉडल फोस्टर केयर गाइडलाइंस के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी भी मौजूद थे।