जिला स्तरीय मदरसा शिक्षक सम्मेलन सम्पन्न, अनुदेशकों के हितों के लिए उठी मजबूत आवाज
सीकर
मदरसा तालीमुल कुरान, रोशनगंज में शनिवार को मदरसा शिक्षक अनुदेशक एवं कंप्यूटर अनुदेशक संघ के तत्वावधान में प्रथम जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अनुदेशकों की सहभागिता रही, जहां मदरसों की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अनुदेशकों की समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व यूआईटी चेयरमैन एवं भारतीय शिक्षण समूह के निदेशक हरिराम रणवा रहे। उन्होंने अनुदेशकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मदरसों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेलकूद, नामांकन वृद्धि और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए सार्थक प्रयास जरूरी हैं।
इस मौके पर संघ के पदाधिकारियों ने अनुदेशकों की निम्नलिखित मांगें प्रमुखता से रखीं:
-
पिछली सरकार द्वारा लंबित बकाया प्रकरणों का निस्तारण
-
अनुदेशकों की नियमितीकरण प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करना
-
सेवा शर्तों में सुधार और स्थायित्व प्रदान करना
-
चिकित्सा, अवकाश, अनुकंपा नियुक्ति जैसे सामाजिक सुरक्षा लाभ दिलाना
कार्यक्रम की अध्यक्षता सूबेदार मुस्ताक खान ने की तथा विशिष्ट अतिथियों में पूर्व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद रजा, पूर्व प्रोग्राम अधिकारी मोहम्मद अयूब खान, मदरसा अध्यक्ष हाजी अहसान अली गौड़, और समाजसेवी हाजी मोहम्मद अली बडगुजर, माइनॉरिटी अफेयर्स एसोसिएशन, महासचिव निसार अहमद जाटू शामिल रहे।
संघ के अध्यक्ष मोहम्मद रफीक और जिला कार्यकारिणी द्वारा अतिथियों का गुलपोशी कर स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद रफीक बेहलीम ने किया।
सम्मेलन में शामिल सभी अनुदेशकों ने एकजुट होकर मदरसा शिक्षा की बेहतरी और अपने अधिकारों की प्राप्ति हेतु संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।