राजस्थान में 6 साल बाद जीका वायरस के मामलों ने फिर से चिंता बढ़ा दी है, जब जयपुर में एक जीका पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। इससे पहले 2018 में जीका वायरस के मामलों की पुष्टि हुई थी, लेकिन तब किसी की मौत नहीं हुई थी। अब स्वास्थ्य विभाग ने इस वायरस के प्रभावी नियंत्रण के लिए जयपुर सीएमएचओ को निर्देश दिए हैं और प्रभावित मरीजों के संपर्क में आए लोगों के ब्लड और यूरिन सैंपल लिए हैं।
बजाज नगर इलाके में 66 वर्षीय राजेंद्र को तेज बुखार, शरीर पर लाली, और लूज मोशन जैसी समस्याओं के बाद प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 19 नवंबर को उनके सैंपल लिए गए थे और 20 नवंबर को उनकी रिपोर्ट जीका पॉजिटिव आई। 23 नवंबर को उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि राजेंद्र को जीका वायरस के साथ-साथ एचएलएच जैसी दुर्लभ बीमारी भी थी, जिसका सैंपल एनआईवी पुणे भेजा गया है।