जीणमाता धाम में श्रद्धालुओं की सेवा का अनूठा उदाहरण सामने आया है, जहां हर वर्ष की भांति इस बार भी बतीस संघ धर्मशाला में 15 दिवसीय नि:शुल्क योग एवं एक्यूप्रेशर शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कोलकाता निवासी गोविंद जी, संतोष, शुभम, ऋषि अग्रवाल द्वारा स्वर्गीय कनैयालाल मारवाड़ी और श्याम सुन्दर अग्रवाल की पुण्य स्मृति में यह शिविर लगाया गया है। आयोजन अखिल भारतीय मानवाधिकार निगरानी समिति राजस्थान के तत्वावधान में संचालित हो रहा है, जिसमें डॉ. ललित कुमार सोमानी अपनी सेवाएं निशुल्क प्रदान कर रहे हैं।
शिविर में विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं का उपचार किया जा रहा है जो पैदल यात्रा कर जीणमाता पहुंचते हैं और शारीरिक दर्द से परेशान रहते हैं। यहां लकवा, गठिया, साइटिका, घुटना, कमर, सिर और कंधे के दर्द से संबंधित समस्याओं का उपचार और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलने वाले इस शिविर में अब तक चार दिनों में 100 से अधिक मरीजों का उपचार किया जा चुका है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है।