जैसलमेर जिले में बिजली और पानी की लगातार बिगड़ती स्थिति पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर कड़ी आलोचना की। सालेह मोहम्मद, जो पोकरण के पूर्व विधायक रहे हैं, ने कहा कि सरकार एक साल में ही पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है।
उन्होंने सरकार की नाकामी को उजागर करते हुए कहा, “जनता की बुनियादी जरूरतें जैसे बिजली और पानी भी नहीं मिल पा रही हैं, तो अन्य विकास कार्यों की स्थिति आप स्वयं सोच सकते हैं।” पूर्व मंत्री ने बताया कि सर्दी में पेयजल संकट हो रहा है, तो गर्मी में हालात और भी खराब होंगे। किसानों को रबी की फसल के लिए बिजली और पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को 8 घंटे बिजली देने का दावा करती है, जबकि एक घंटा भी बिजली उपलब्ध नहीं हो रही है।
जैसलमेर शहर में पानी की समस्या को लेकर सालेह मोहम्मद ने कहा कि जलदाय विभाग, पानी की आपूर्ति में विफल होने के लिए बिजली विभाग को दोषी ठहरा रहा है, जबकि हकीकत में सरकार का सिस्टम पूरी तरह से फेल हो चुका है। सर्दियों में भी लोग 10-10 दिनों तक पानी की आपूर्ति का इंतजार कर रहे हैं, और महंगे टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है।
पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि इस समस्या के कारण जनता अब खुद को कोस रही है, और इस सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है।