झुंझुनूं में उपचुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने पूरी ताकत झोंकी है। शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुलताना कस्बे में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भांबू के समर्थन में जनसभा की। मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 70 साल तक शासन किया, लेकिन अब समय आ गया है जब जनता को अपना हक और सही नेतृत्व चुनने का मौका मिले।
सीएम शर्मा ने आगे कहा, “कांग्रेस ने मुल्क के मालिकों को भिखारी बना दिया और जो भिखारी थे, वो आबाद हो गए।” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का अभी केवल 11 महीने का कार्यकाल हुआ है, लेकिन एक साल पूरा होने पर राजस्थान की जनता को पूरे साल का हिसाब दिया जाएगा। सीएम ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि उनके शासन में 17 पेपर लीक हुए थे, जबकि उनकी सरकार ने 200 से ज्यादा पेपर माफिया को जेल भेजा। इसके अलावा, उन्होंने आगामी एक साल में एक लाख नई नौकरियों का वादा किया। भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भांबू ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का झुंझुनूं की जनता के प्रति समर्थन बहुत अहम है। उन्होंने झुंझुनूं की जल आपूर्ति के लिए यमुना जल समझौते को बड़ी सौगात बताया और दावा किया कि भाजपा सरकार ने जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।