झुंझुनूं में पुलिस जवानों को मिलेगा 15 दिन में एक अवकाश…

नए साल से लागू, तीन महीने तक रहेगा प्रायोगिक तौर पर

कानून व्यवस्था बनाए रखने में दिन-रात जुटे पुलिस जवानों के लिए झुंझुनूं जिले से सुखद खबर है। नए साल से जिले में पुलिस जवानों को 15 दिन में एक अवकाश मिलेगा। यह पहल झुंझुनूं एसपी शरद चौधरी की तरफ से की गई है, और जिले में कार्यरत 1500 से अधिक पुलिस जवानों को इसका लाभ मिलेगा।

झुंझुनूं प्रदेश का पहला जिला होगा, जहां पुलिस जवानों को पखवाड़े में एक अवकाश मिलेगा। यह कदम पुलिस जवानों की कार्य क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है, क्योंकि वे विभिन्न कर्तव्यों जैसे कानून व्यवस्था, अपराधों पर अंकुश, वीआईपी दौरों, त्योहारों और चुनाव ड्यूटी में लगातार व्यस्त रहते हैं। इस कारण उन्हें पारिवारिक आयोजनों के लिए भी छुट्टी नहीं मिलती। अब यह व्यवस्था तीन महीने के लिए प्रायोगिक तौर पर लागू की जाएगी, और यदि सफल रहती है, तो इसे स्थायी रूप से लागू किया जाएगा।

इसके तहत कांस्टेबल से लेकर एएसआई स्तर के जवानों को 15 दिन में एक अवकाश मिलेगा। अवकाश दिन-विशेष के अनुसार निर्धारित होगा, जिससे हर दिन लगभग 100 जवानों को छुट्टी मिलेगी। इस कदम से जवानों को राहत मिलेगी और उनकी कार्य क्षमता में सुधार होगा।

abtakNewsSikar