झुंझुनूं में बारिश और ओलावृष्टि के बाद बढ़ी ठंड…

ग्रामीण इलाकों में कोहरा छाया, न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री दर्ज

झुंझुनूं में शुक्रवार की बारिश और ओलावृष्टि के बाद सर्दी का असर तेज हो गया है। शनिवार सुबह पूरे जिले में घना कोहरा छाया रहा, खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में कोहरे का असर अधिक देखा गया। आसमान में बादल घिरे रहने के कारण धूप भी नहीं निकली, जिससे ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया।

पिलानी मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12.2 और अधिकतम 15 डिग्री था। शुक्रवार को जिले के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिसमें खेतड़ी और झुंझुनूं में 32 एमएम, जबकि पिलानी और बिसाऊ में 13 एमएम बारिश हुई। बारिश से जहां सर्दी बढ़ी है, वहीं किसानों के लिए यह राहत की खबर है, क्योंकि फसलों को संजीवनी मिली है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कोहरे और ठंड बढ़ने की संभावना जताई है।

abtakSikar