झुंझुनूं में कक्षा 6 से 10वीं तक के विज्ञान और गणित विषय के शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को स्थानीय निजी कॉलेज में शुरू हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि डाइट के प्रभागाध्यक्ष प्रमेंद्र कुल्हार ने कहा कि यह प्रशिक्षण बदलती शैक्षिक परिस्थितियों में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, जिसका उद्देश्य छात्रों के बीच गणित और विज्ञान जैसे जटिल विषयों का भय दूर करना है।
कुल्हार ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिक्षकों को विभिन्न सरल विधियों और तकनीकों का उपयोग करके इन विषयों को विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से यह भी कहा कि वे प्राप्त ज्ञान को ब्लॉक स्तर पर अपने सहकर्मियों के साथ साझा करें। समग्र शिक्षा के कार्यक्रम अधिकारी मनोज झाझड़िया ने अध्यक्षता की, जबकि प्रधानाचार्य सुमन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रही। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षक रतिराम धीवा, संजय शर्मा, राकेश कुल्हरी, राजेश झाझड़िया, संजय शर्मा समेत अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।