झुंझुनूं में 76वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह बड़े उत्साह और गरिमा के साथ स्वर्ण जयंती स्टेडियम में मनाया गया। जिला कलेक्टर रामावतार मीणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया और मार्च-पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्रीय धुनें प्रस्तुत की गईं।
कार्यक्रम के दौरान वीरांगनाओं समेत 78 लोगों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला कलेक्टर ने अपने संबोधन में झुंझुनूं की वीरता और बलिदान की परंपरा की सराहना की और कहा, “झुंझुनूं के जवानों ने देश की रक्षा में सबसे अधिक कुर्बानियां दी हैं। मुझे इस वीरभूमि पर तिरंगा फहराने का गर्व है।”
78 लोगों को विभिन्न श्रेणियों में मिला सम्मान:
छात्र और खिलाड़ी वर्ग:
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के अभय न्यौला, वॉलीबॉल अकादमी के नितेश और यशवंत, और डिफेन्स पब्लिक स्कूल की सृष्टि समेत कई अन्य छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
स्काउट एवं गाइड:
राजेंद्र कुमार सिंह, खुशबू, अजय वर्मा, और नासीर खान को स्काउटिंग में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान दिया गया।
अधिकारी एवं कर्मचारी वर्ग:
कई सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों, जैसे उपखण्ड अधिकारी जयसिंह, कृषि विभाग के उप निदेशक शीशराम जाखड़, और पीएम श्री राउमावि की व्याख्याता डॉ. अनिता कुमारी धींवा को सम्मानित किया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता:
पर्यावरण प्रेमी संजय शर्मा, कृषक विजय सिंह लोयल, और मास्टर सोलर चिड़ावा की प्रोपराइटर प्रेमलता शर्मा समेत कई सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी उनके प्रयासों के लिए सराहा गया।
कार्यक्रम में एडीएम अजय कुमार आर्य ने राज्यपाल का संदेश पढ़ा। इससे पहले जिला कलेक्टर ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, स्कूल के विद्यार्थी और झुंझुनूं के नागरिक उपस्थित रहे।