डीबी अस्पताल में अब इमरजेंसी वार्ड में ही रोगियों के एक्स-रे किए जाएंगे। अस्पताल प्रशासन ने सोमवार से यह सुविधा शुरू कर दी है, जिसके तहत अब इमरजेंसी में आने वाले रोगियों के 24 घंटे डिजीटल एक्स-रे किए जाएंगे। अस्पताल प्रशासन ने एक्सीडेंट और अन्य गंभीर रोगियों के लिए यह विशेष सुविधा प्रदान की है, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सके।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. हनुमान जयपाल ने बताया कि पहले रात के समय आने वाले एक्सीडेंट के मामलों में मरीजों को एक्स-रे के लिए पुरानी बिल्डिंग में ले जाना पड़ता था, जो परेशानी का कारण बनता था। अब इमरजेंसी वार्ड में एक नई एक्स-रे मशीन लगाई गई है, जिससे रोगियों को त्वरित इलाज मिलेगा। तीन कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में यहां तैनात की गई है। रेडियोलाजी विभाग के डॉ. बीएल नायक ने बताया कि सर्दी के मौसम में यह परेशानी बढ़ जाती थी, लेकिन अब यह समस्या हल हो गई है। अस्पताल उप अधीक्षक डॉ. इदरिश खान ने बताया कि डिजिटल एक्स-रे से रोगियों को आर्थिक लाभ भी मिलेगा। इस अवसर पर अस्पताल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे।