डॉ. अभिषेक सिंह सुण्डा बने आयरनमैन — गोवा ट्रायथलॉन 70.3 में शानदार प्रदर्शन
सीकर के रनर ने 6 घंटे 18 सेकंड में पूरा किया कठिन इवेंट, देश विदेश के एथलीटों में 116वां स्थान हासिल किया
सीकर
गोवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की आयरनमैन 70.3 ट्रायथलॉन प्रतियोगिता में सीकर के धावक डॉ. अभिषेक सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश-विदेश के 1300 से अधिक प्रतिभागियों के बीच अपना परचम लहराया। यह प्रतियोगिता तीन कठिन चरणों — स्विमिंग (1.9 किमी), साइक्लिंग (90 किमी) और रनिंग (21.1 किमी) में सम्पन्न हुई। डॉ. अभिषेक ने यह पूरी ट्रायथलॉन रेस 6 घंटे 00 मिनट 18 सेकंड में पूरी कर ली। उन्होंने अपनी एज कैटेगरी (35-39) में 17वां स्थान, पुरुष वर्ग में 106वां स्थान और कुल मिलाकर 116वां स्थान हासिल किया।
सीकर के लिए गौरव का क्षण:
डॉ. अभिषेक पेशे से एक डेंटिस्ट हैं और साथ ही एक समर्पित रनर भी हैं। उन्होंने कई महीनों तक इस ट्रायथलॉन के लिए कठिन प्रशिक्षण किया जिसमें तैराकी, साइक्लिंग और रनिंग तीनों का अनुशासित अभ्यास शामिल था। उनकी इस सफलता ने सीकर के खेल और फिटनेस जगत में नया उत्साह भर दिया है।
‘समर्पित सीकर धावक’ समूह ने दी शुभकामनाएँ
डॉ. अभिषेक समर्पित सीकर धावक समूह के सक्रिय सदस्य हैं। उनके साथियों ने इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और कहा कि उनकी यह सफलता न केवल सीकर बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व की बात है।
उनकी इस उपलब्धि से निश्चय ही अनेक युवा एथलीट्स को प्रेरणा मिलेगी कि समर्पण और अनुशासन से कोई भी बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।