डॉ. शैलेंद्र पंड्या के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित, 30 यूनिट रक्त संग्रहित
सीकर
बाल अधिकारों के संरक्षण हेतु निरंतर प्रयासरत समाजसेवी एवं गायत्री सेवा संस्थान के निदेशक डॉ. शैलेंद्र पंड्या के जन्मदिवस के अवसर पर आज शेखावाटी ब्लड बैंक, सीकर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवियों, युवाओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। शिविर के दौरान कुल 30 यूनिट रक्तदान किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगा। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीकर की सचिव शालिनी गोयल, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अंकुर बहड़, सदस्य बिहारीलाल, समाजसेवी एवं रक्त मोटिवेटर बी.एल. मील, मुकेश हर्ष, सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं गायत्री सेवा संस्थान की ओर से जिला समन्वयक नरेश कुमार सैनी, अभिषेक बगड़िया एवं जितेंद्र नाथावतपुरा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और रक्तदान के प्रति लोगों को प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव शालिनी गोयल ने कहा: “रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है, जो सीधे किसी के जीवन को बचाने से जुड़ी होती है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, संवेदनशीलता और जागरूकता का संदेश देते हैं। युवाओं को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।” यह आयोजन न केवल डॉ. शैलेंद्र पंड्या के सामाजिक योगदान को सम्मान देने का माध्यम बना, बल्कि समाज में मानव सेवा और परोपकार की भावना को भी मजबूत करने का संदेश देता है।