सीकर के खाटूश्यामजी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवती की जान चली गई। लाडपुर निवासी मंजु कुलहरिया अजमेर में जेल प्रहरी की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन दांतारामगढ़ रोड पर स्वामी की ढाणी के पास तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंजु की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची।
घायल मंजु को खाटूश्यामजी उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे के तुरंत बाद कार को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों को स्पष्ट करने में जुटी है।