सीकर के उद्योग नगर क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। आकाश मेडिकल कोचिंग संस्थान में सुरक्षा गार्ड के तौर पर कार्यरत सज्जन सिंह बाइक से लौट रहे थे, तभी एक स्विफ्ट कार ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक दूर तक घिसटती चली गई और सज्जन सिंह कई फीट हवा में उछलते नजर आए। ये पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
सज्जन सिंह के भाई राजेन्द्र सिंह के मुताबिक, वह पिछले कुछ वर्षों से कोचिंग संस्थान में गार्ड की नौकरी कर रहे थे। हादसे वाली रात ड्यूटी पर आने के बाद उन्हें कोचिंग स्टाफ ने किसी जरूरी काम से बाहर भेजा था। लौटते समय गेट के पास बाइक मोड़ते हुए तेज रफ्तार कार ने सीधा टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी।
इस हादसे के बाद से सज्जन सिंह के परिजन कोचिंग संस्थान के बाहर धरने पर बैठे हैं और 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि कोचिंग के निर्देश पर ही सज्जन सिंह बाहर निकले थे, इसलिए संस्थान को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। परिवार की आर्थिक हालत पहले से ही कमजोर है और मृतक के तीन छोटे बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक वे शव को नहीं ले जाएंगे और धरना जारी रहेगा। परिवार प्रशासन और कोचिंग प्रबंधन से बातचीत की मांग कर रहा है।