केंद्र सरकार ने देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने का निर्णय लिया है, जिनमें से 9 स्कूल राजस्थान के 7 जिलों में स्थापित किए जाएंगे। श्रीगंगानगर और राजसमंद में दो-दो नए केंद्रीय विद्यालय शुरू होंगे। इन स्कूलों में वर्ष 2025-26 सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रत्येक विद्यालय में 960 छात्रों के लिए सीटें उपलब्ध होंगी।
राजस्थान में केंद्रीय विद्यालयों की संख्या बढ़कर 87 होगी
वर्तमान में राजस्थान में 78 केंद्रीय विद्यालय हैं, जहां 90 हजार से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं। 9 नए स्कूल जुड़ने से इनकी संख्या 87 हो जाएगी। नए विद्यालयों के लिए सरकार 5,872 करोड़ रुपए का बजट खर्च करेगी, जिसमें भवन निर्माण और शिक्षक नियुक्ति शामिल हैं। आवश्यकता पड़ने पर संविदा पर शिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान भी किया गया है। इन स्कूलों में सेना और पैरा-मिलिट्री के बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि खाली सीटों पर आम नागरिकों के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा।