दौसा जिले के सिकराय उपजिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा बार-बार किए गए निरीक्षणों के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है। अस्पताल में साफ-सफाई की कमी, स्टाफ की ड्यूटी से संबंधित गड़बड़ियां और अन्य अव्यवस्थाओं के खिलाफ स्थानीय नागरिकों की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। बुधवार को इस मुद्दे को लेकर उपखंड अधिकारी डॉ. नवनीत कुमार ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताई।
एसडीएम ने अस्पताल के परिसर में पसरे अंधेरे, डॉक्टरों के ड्यूटी चार्ट की कमी और अन्य कई समस्याओं को देखा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाते हुए पीएमओ डॉ. रामकिशन मीना को निर्देश दिए कि शीघ्र ही व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। एसडीएम ने कहा कि बार-बार निरीक्षण और सुधार के निर्देशों के बावजूद अगर अस्पताल की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में एसडीएम ने अस्पताल में सभी डॉक्टरों की ड्यूटी चार्ट बनाने, वार्ड और डिलेवरी रूम में सुधार करने और अस्पताल परिसर में उचित रोशनी के लिए ट्यूबलाइट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही डॉक्टरों और स्टाफ की ड्यूटी चार्ट को अस्पताल परिसर में चस्पा करने की भी बात कही।
मेडिकल स्टाफ पर मनमर्जी का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों और मरीजों के परिजनों ने अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की अव्यवस्थित ड्यूटी को लेकर शिकायत की। उनका कहना था कि अस्पताल में 13 डॉक्टर और 30 से अधिक नर्सिंग स्टाफ होने के बावजूद, डॉक्टरों का समय निश्चित नहीं होता और कई बार मरीज़ को लगातार इलाज नहीं मिल पाता। कुछ डॉक्टर तो महीने में केवल तीन या चार बार अस्पताल आते हैं।
एसडीएम ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया और सभी डॉक्टरों और स्टाफ के लिए एक रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि उनकी ड्यूटी स्पष्ट रूप से निर्धारित हो सके और मरीज़ों को उचित इलाज मिल सके।