दौसा जिले के बालाहेड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात फायरिंग की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, गोया का बास के पास एक कार खेत में पलटी हुई मिली, जिस पर फायरिंग के निशान पाए गए। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
भाई-बहन पर फायरिंग की सूचना
पुलिस ने बताया कि करीब साढ़े 10 बजे सूचना मिली कि गोया का बास के पास एक कार सवार भाई-बहन पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की। कार में बालाहेड़ी ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच रामफूल मीणा के परिवार के पप्पू मीणा और उनकी बहन सवार थे। वे अपने घर लौट रहे थे, तभी उन पर फायरिंग की गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा किया। कार के बोनट और गेट पर फायरिंग के निशान पाए गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच
पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की है, और एफएसएल जांच के बाद फायरिंग के घटनाक्रम की पुष्टि की जाएगी। हालांकि, कार सवार ने अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दी है। पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि इलाके में दो गुटों के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा है, जो इस घटना से जुड़ा हो सकता है।