गुरुवार को नगर परिषद की टीम ने राधाकिशनपुरा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सुबह जल्दी ही मशीनरी लेकर पहुंची टीम ने दिनभर अभियान चलाया और जेसीबी की मदद से अवैध पक्के निर्माण को ध्वस्त किया। बताया गया कि त्रिमूर्ति मंदिर से गवर्नमेंट क्वार्टरों तक रास्ते में अतिक्रमण किया गया था, जिसे हटाया गया।
इससे पहले नगर परिषद ने 17 लोगों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। कुछ लोगों ने खुद निर्माण तोड़ दिया, लेकिन जिन्होंने आदेश का पालन नहीं किया, उनके अवैध निर्माण गुरुवार को प्रशासन ने हटवा दिए। कोर्ट के आदेश के तहत हुई इस कार्रवाई में परिषद ने खसरा नंबर 1133 में किए गए अतिक्रमण को भी साफ कराया। जेईएन निधि चौधरी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के साथ ही संबंधित लोगों को भविष्य में ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी गई है।